home page

हरदोई: पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपित गोली लगने से घायल, दो गिरफ्तार

 | 
हरदोई: पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपित गोली लगने से घायल, दो गिरफ्तार


हरदाेई, 2 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद में पिहानी थाना पुलिस की सोमवार देर रात बदमाशों के बीच गोमती नदी पुल के पास मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, इनमें से एक पैर में गोली लगने से घायल हाे गया है। पुलिस ने मौके से अवैध असलहा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पिहानी प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल ने मंगलवार काे बताया कि क्षेत्राधिकारी अजीत चौहान के नेतृत्व में थाना पुलिस क्षेत्र में बीती रात वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल से जा रहे दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सीतापुर निवासी अलाउद्दीन पुत्र जलालुद्दीन के पैर में गोली लगने से घायल हाेकर गिर पड़ा। वहीं उसका साथी सद्दाम पुत्र सैफुल्ला निवासी पिसावां जनपद सीतापुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अलाउद्दीन को सीएचसी पिहानी से जिला अस्पताल हरदोई रेफर किया गया है। मौके से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपित एक गंभीर मारपीट और हत्या के प्रयास मामले में नामजद थे। उस केस में पहले ही दो आराेपित साहिल और विशाल जेल भेजे जा चुके हैं। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मुकुट सिंह यादव, सूर्यमणि यादव, शुभम सिंह, राजेश कुमार सहित थाना पुलिस टीम साथ रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Harsh Gautam