पुलिस और लूटेरों के बीच मुठभेड़, दो गिरफ्तार
कानपुर, 25 मार्च (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत महिला सिविल डिफेंस कर्मी से लूट करने वाले बदमाशों की मंगलवार देर रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। जबकि दूसरे को दौड़ा कर पकड़ लिया गया। आरोपितों ने एक घंटे के अंदर दो लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था।
मंगला विहार प्रथम न्यू पीएसी लाइन की रहने वाली महिला से सिविल डिफेंस कर्मी अनीता श्रीवास्तव शनिवार को आईआईटी से एक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस घर लौट रही थी। तभी मंगला विहार स्थित मामा पीसीओ के पास सड़क पार करने के दौरान दूसरी ओर से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मार कर उनका मंगलसूत्र लूट लिया और मौके से फरार हो गए। इसके अलावा घटना के एक घंटे बाद मंगला विहार प्रथम निवासी एक युवती का पर्स लूटा था।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली की लूट के आरोपित दोनों लुटेरों का क्षेत्र में होना पाया गया है। जिन्हें पकड़ने के लिए सनिगवां स्थित अलकनंदा रेलवे ओवर ब्रिज के पास लुटेरों को रोकने का प्रयास किया गया। तभी शातिरों ने पुलिस पर ही फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में एक लुटेरे के पैर में गोली लगी। जबकि दूसरे को दौड़ा कर पकड़ लिया गया। लुटेरों की पहचान बाबूपुरवा निवासी एहतेशाम और किदवई नगर निवासी रियान के रूप में हुई है। इसके अलावा उनके पास से लूटा हुआ मंगलसूत्र और एक तमंचा भी बरामद किया गया है।
फिलहाल घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। जहां बुधवार को दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

