पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़, दो गिरफ्तार
कानपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। उप्र के कानपुर में चकेरी थाना क्षेत्र में बीती 16 फरवरी को आठ लाख रुपये की लूट करने वाले दो शातिरों को पुलिस ने देर रात पैर में गोली मार कर दबोच लिया। घायलों को उपचार के लिए रामादेवी स्थित काशीराम ट्रामा सेंटर में प्राथमिक उपचार करने के बाद शुक्रवार को दोनों को न्यायलय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजा जाएगा।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि गुरुवार देर रात चकेरी के अहिरवार इलाके में पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार दो युवक चेकिंग देखकर भागने लगे। जिस पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया तो शातिरों ने पुलिस पर ही फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों के पैर में गोली मार कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान बेकनगंज निवासी मुजाहिद और यासीन के रूप में हुई। दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर कर लिया।
गौरतलब है कि बीती 16 फरवरी को यशोदा नगर निवासी मोहम्मद वाहिद गांव की जमीन बेचने के बाद रुपयों से भरा बैग लेकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान श्यामनगर इलाके में शातिरों ने उनसे रुपयों से भरा बैग लूट लिया था। विरोध करने पर दोनों ने कट्टे की बट मार कर उसे घायल कर मौके से फरार हो गए थे। घटना से जुड़ा लूट और मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हालांकि उस समय पीड़ित ने कोई एफआईआर दर्ज नहीं कराई थी।
बल्कि पुलिस को दिए गए बयान में पीड़ित ने बताया था कि बाइक सवारों के साथ उसकी कुछ कहासुनी हो गई थी। जिसके चलते मारपीट के दौरान वह घायल हो गया था लेकिन एकाएक बुधवार देर रात पीड़ित ने खुद के साथ हुई लूट के मामले में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी और सर्विलांस की सहायता से दो शातिरों को मुठभेड़ में दबोच लिया। अब दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

