home page

बुजुर्ग महिला का बाला लूटने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

 | 
बुजुर्ग महिला का बाला लूटने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार


कानपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रानगर रोड पर शुक्रवार को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बुजुर्ग महिला के कान का बाला लूटने वाले बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को देखते ही आरोपित ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि इंद्रानगर निवासी अधिवक्ता प्रेम कुमार की मां संतोष कुमारी मंगलवार को इंद्रानगर चौराहे स्थित उनके कार्यालय गई थीं। कुछ देर बाद वह घर जाने के लिए निकलीं। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें घर तक छोड़ने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया। गौतम बुद्ध पार्क चौराहे के पास महिला को उतारने के बाद आरोपित दोबारा उनके पास पहुंचा और धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद उनके कान का बाला तोड़कर बाइक से फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद राहगीरों ने घायल महिला को उठाकर उनके घर पहुंचाया और परिजनों को जानकारी दी। अधिवक्ता प्रेम कुमार अपनी मां के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। गौतम बुद्ध पार्क चौराहे के आसपास लगे कैमरों में संदिग्ध युवक दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान इमरान उर्फ राजा निवासी कोहना के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी।

आज कल्याणपुर पुलिस इंद्रानगर रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें इमरान के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

पुलिस के अनुसार इमरान उर्फ राजा के खिलाफ लूट और चोरी के करीब आधा दर्जन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से बाइक और अन्य सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अब उसके आपराधिक इतिहास के साथ ही पूर्व में हुई लूट और चोरी की घटनाओं में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप