यमुनानगर: मुठभेड़ के बाद फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार, गोली लगने से घायल
यमुनानगर, 06 मई (हि.स.) यमुनानगर के गांव भूरे का माजरा में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को अहम सफलता मिली है। सीआईए-2 और थाना छप्पर की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को काबू किया है। कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें आरोपी घायल हो गया, जबकि एक पुलिस अधिकारी बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण सुरक्षित रहा। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान पानीपत निवासी अमन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ है और हाल में रादौर क्षेत्र के गांव भूरे का माजरा में पूर्व सरपंच के घर पर हुई गोलीबारी में शामिल था।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी थाना छप्पर क्षेत्र में कुलपुर फाटक के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इस सूचना पर इलाके में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस टीम ने कलपुर गांव के पास संदिग्ध युवक को घेर लिया। पुलिस को देखते ही आरोपी नसे बाइक से भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह गिर पड़ा और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घटना के दौरान एक गोली उप निरीक्षक रोहन को भी लगी, मगर बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से वह सुरक्षित बच गए। घायल आरोपी को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे जुड़े नेटवर्क तथा अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

