ऑटो सवार युवक से लूट करने वाले तीन बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली
कानपुर, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना में पुलिस ने दो बदमाशों के पैर में गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि तीसरे को दौड़ाकर दबोच लिया। इन बदमाशों ने गंगा बैराज पर ऑटो सवार युवक से दो लाख सत्तर हजार रुपये की लूट की थी। घायल बदमाशों को प्राथमिक उपचार के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से रविवार को तीनों को जेल भेजा जाएगा।
पुलिस उपायुक्त मध्य अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मूल रूप से जहानाबाद के खजुरिया गांव और वर्तमान में साकेत नगर में रहने वाले पीड़ित उमाकांत तिवारी ने बताया कि 2 मार्च को वह बुलेट खरीदने के लिए दो लाख सत्तर हजार रुपये लेकर घर से निकले थे। बुलेट खरीदने के लिए वह बड़ा चौराहा से ऑटो में बैठे थे। ऑटो में चालक के साथ दो युवक पहले से बैठे थे। किसी बहाने दोनों युवक किनारे बैठ गए और उन्हें बीच में बैठा दिया। इसके बाद ऑटो चालक बहाने से गंगा बैराज और एनआरआई सिटी के गेट नंबर-2 के पास सुनसान इलाके में पहुंच गया।
इसके बाद ऑटो चालक और उसके दोनों साथियों ने मारपीट करने के बाद दो लाख सत्तर हजार रुपये नकद, कपड़े और मोबाइल समेत अन्य सामान लूट लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। उमाकांत ने राहगीरों की सहायता से पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची नवाबगंज थाने की पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की।
डीसीपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर शनिवार देर रात पुलिस फोर्स ने ख्योरा कटरी में लुटेरों की घेराबंदी की तो शातिरों ने सीधे पुलिस पर फायर झोंक दिया। इसके बाद पुलिस ने भी घेराबंदी करते हुए जीतू उर्फ जितेंद्र निषाद और उसके साथी जितेंद्र निषाद उर्फ छोटू के पैर में गोली मारकर दबोच लिया, जबकि उनके तीसरे साथी सुमित कश्यप उर्फ कुट्टू को भी गिरफ्तार कर लिया।
घायलों को हैलट में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। रविवार दोपहर तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा। शातिरों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
डीसीपी ने बताया कि शातिरों ने उमाकांत से नकदी के साथ उनके दोनों मोबाइल भी लूट लिए थे। सर्विलांस की मदद से पुलिस को लुटेरों की लोकेशन मिली और घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। लूट के बाद पीड़ित के दोनों मोबाइल सक्रिय थे, इसी के सहारे पुलिस तीनों तक पहुंची और मुठभेड़ में उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

