home page

समस्तीपुर कोर्ट से फरार हुए कुख्यात का हाजीपुर में एनकाउंटर, दाहिने पांव में लगी गोली

 | 

पटना, 02 नवम्बर (हि.स.)। बिहार में वैशाली जिले के मरमला चौर (खाली स्थान भूमि का) में समस्तीपुर कोर्ट से फरार हुए अपराधी राज नंदन कुमार ऊर्फ छोटू की बीते देर रात पुलिस ने एनकाउंटर किया है। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। जख्मी का इलाज हाजीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है।

वैशाली पुलिस के मुताबिक वैशाली जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के मरमला चौर में छापेमारी करने पहुंची थी।

पुलिस को सूचना मिली थी कि यह शातिर अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में वहां छिपा हुआ है। इसी दौरान खुद को पुलिस से घिरा देखकर उसने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी।

एसटीएफ और पुलिस टीम ने खुद का बचाव करते हुए मोर्चा संभाला और अपराधी को दबोच लिया।

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से पुलिस ने हथियार भी बरामद किया है। घायल अपराधी की पहचान दिग्घी कला निवासी चंदेश्वर राय के पुत्र राज नंदन कुमार उर्फ छोटू के रूप में की गई है। पुलिस की टीमें अब इस बात की जांच कर रही हैं कि इस शातिर अपराधी के साथ वहां और कौन-कौन से लोग मौजूद थे।

पकड़े गए कुख्यात अपराधी का पुराना इतिहास रहा है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ लूट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह वैशाली और समस्तीपुर पुलिस के लिए लंबे समय से वांछित चल रहा था। बताया जाता है कि छोटू समस्तीपुर के बहुचर्चित अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य आरोपी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार कई इलाकों में छापेमारी कर रही थीं।

यह शातिर अपराधी पहले भी कानून की गिरफ्त से भाग चुका है। वर्ष 2025 में न्यायालय में पेशी के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर समस्तीपुर कोर्ट परिसर से फरार हो गया था। इसके बाद से ही जिला पुलिस और एसटीएफ की विशेष टीमें उसकी सरगर्मी से तलाश में जुटी थीं। इस एनकाउंटर के बाद पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है और उसके नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

मुठभेड़ की सूचना मिलने पर एसएसपी शुभांक मिश्रा और सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जांच की। एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी