home page

अनूपपुर: पेट्रोल पंप पर सिगरेट पीने से रोका तो कर्मचारियों को डंडे से पीटा

 | 
अनूपपुर: पेट्रोल पंप पर सिगरेट पीने से रोका तो कर्मचारियों को डंडे से पीटा


अनूपपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के कोतमा-केशवाही रोड पर स्थित भैयाजी किसान पेट्रोल पंप पर शनिवार - रविवार की दरमियानी रात सिगरेट पीने से मना करने की बात को लेकर तीन युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में रविवार को कार्रवाई करते हुए मामले के दो आरोपियों को अभिरक्षा में ले लिया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब ने रविवार को बताया कि 5-6 सितंबर की रात एक मिनी ट्रक डीजल भरवाने के लिए भैयाजी किसान पेट्रोल पंप पहुंचा था। ट्रक में चालक समेत तीन लोग सवार थे। इस दौरान पंप पर ट्रक पर सवार एक युवक सिगरेट पीने लगा। पंप कर्मचारी राहुल शर्मा पुत्र सेखेराम शर्मा, निवासी पुरानी बस्ती कोतमा ने सुरक्षा कारणों से सिगरेट पीने से मना किया। इस बात पर तीनों सवार ने नाराजगी जताते राहुल शर्मा को जान से मारने की धमकी देते हुए जमकर गालियां दीं और ट्रक लेकर मौके से चले गए। पेट्रोल पंप कर्मचारियों को लगा कि चलो ट्रक सवार नाराज होकर चले गए। लेकिन इसके कुछ ही देर बाद उन्हीं तीनों में से दो युवक बाइक पर सवार होकर वापस पेट्रोल पंप आए। उन्होंने पेट्रोल भरवाने की चाल में बाइक की हॉर्न बजाकर कर्मचारी को बुलाया। राहुल शर्मा जब ऑफिस से निकलकर पंप के पास जैसे ही पहुंचा इतने में बाइक के पीछे सवार युवक राहुल पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। मारपीट को भांपते राहुल भागने का पहले प्रयास किया, लेकिन भागते में वह चंद कदम पर ही जमीन पर गिर गया, जहां आरोपी युवक ने गिरे राहुल पर डंडे से मारपीट शुरू कर दी।

घटना के बाद पीड़ित कर्मचारी ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गश्त कर रही डायल 112 और थाना कोतमा की पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे दो आरोपियों को मौके के पास से पकड़ लिया। फरियादी राहुल शर्मा की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(b), 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी रघुवर यादव (पिता भूधर यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम हरदी, थाना सोहागपुर, जिला शहडोल) तथा उसके साथ मौजूद एक अन्य अपचारी किशोर को अभिरक्षा में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई और आरोपियों को पकड़ने में सहायक उपनिरीक्षक कमलेश सिंह, प्रधान आरक्षक रामखेलावन यादव, आरक्षक अभय त्रिपाठी, आरक्षक स्वदेश तथा प्रधान आरक्षक नत्थूलाल शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला