home page

टोल प्लाजा कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, सड़क किनारे मिला शव

 | 
टोल प्लाजा कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, सड़क किनारे मिला शव


आगरमालवा, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के सुसनेर-जीरापुर मार्ग स्थित एक टोल प्लाजा पर कार्यरत कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कर्मचारी का शव टोल प्लाजा के समीप सड़क किनारे मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान धर्मेंद्र, निवासी ग्राम माणा, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात वह किसी दुकान से सामान लेने के लिए निकला था। इसी दौरान वह सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा मिला।

घटना की सूचना मिलते ही टोल प्लाजा के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और धर्मेंद्र को तत्काल सुसनेर सिविल अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा