home page

मीटर में डिवाइस लगाकर रिमोट से कर रहे थे बिजली चोरी, लगाया 6.59 लाख रुपये का जुर्माना

 | 
मीटर में डिवाइस लगाकर रिमोट से कर रहे थे बिजली चोरी, लगाया 6.59 लाख रुपये का जुर्माना


जयपुर, 16 जून (हि.स.)। जयपुर विद्युत वितरण निगम (जयपुर डिस्कॉम) की सतर्कता शाखा ने मंगलवार को कुण्डा की ढाणी और नला पावर हाउस क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाकर छह मामलों में बिजली चोरी पकड़ी। निगम ने इन सभी मामलों में कुल 6 लाख 59 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सतर्कता) महेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि अधिशाषी अभियंता (सतर्कता) केसी गुप्ता के निर्देशन में कुण्डा की ढाणी, नांगल सुसावतान की रूप विहार कॉलोनी में पांच आवासीय परिसरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। यहां उपभोक्ता मीटर से पहले सर्विस लाइन में कट लगाकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। इन पांच मामलों में निगम ने 5 लाख 42 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

वहीं, सहायक अभियंता (सतर्कता) पुखराज मीना के नेतृत्व में नला पावर हाउस क्षेत्र के नारायणपुरी रावल जी का बंधा स्थित एक आवासीय परिसर की जांच में उपभोक्ता को मीटर में डिवाइस लगाकर रिमोट के जरिए बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। इस मामले में निगम ने करीब 1 लाख 17 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

सतर्कता टीमों ने मौके से बिजली मीटर, अवैध केबल और रिमोट जब्त कर लिए तथा सभी संबंधित बिजली कनेक्शनों को काट दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित