home page

जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को बंधक बनाकर पीटा, हत्या का प्रयास

 | 
जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को बंधक बनाकर पीटा, हत्या का प्रयास


करीब एक घंटे तक बंधक बनी रही टीम, पुलिस फोर्स ने पहुंचकर छुडाया

बांदा, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अतर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम बरेहंड़ा में आरोपियों द्वारा आईजीआरएस पर लगातार की जा रही शिकायतों की जांच के संबंध में गांव पहुंची विद्युत विभाग की टीम को आरोपियों ने घर के अंदर जबरन बंद कर बंधक बना लिया और उनके साथ गाली गलौज व मारपीट करते हुए जान से मारने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक जेई व कर्मचारियों को कमरे में बंद कर रखा। पुलिस फोर्स के पहुंचने पर ही सभी आरोपियों के चुंगल से मुक्त हो सके हैं। अवर अभियंता ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।

बुधवार की दोपहर उपखण्ड अधिकारी अतर्रा के पत्र के अनुपालन में आईजीआरएस की शिकायत के निस्तारण के संबंध में विद्युत विभाग की टीम ग्राम बरेहड़ा पहुंची थी। टीम में अवर अभियंता अजय कनौजिया, अवर अभियंता संजय गुप्ता, अवर अभियंता विजय बहादुर, अवर अभियंता तनवीर बेग और संविदा कर्मी नारायण सिंह शामिल थे। जब टीम राजेश कुमार कुशवाहा के घर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की तभी उसका बेटा विवेक कुशवाहा, मनीष कुशवाहा और भाई अमित कुशवाहा टीम को गाली-गलौज करने लगे और उनके साथ मारपीट करते हुए सभी कर्मचारियों को घर के अंदर जबरन बंद कर बंधक बना लिया। आरोपियों ने कमरे में रखे गैस सिलेंडर को खोलकर पूरी टीम को जान से मारने का प्रयास किया। इतना ही नहीं उन्होंने अवर अभियंता अजय कनौजिया को जातिसूचक गालियां दी देते हुए प्रताड़ित किया है।

कमरे में बंधक बनी टीम के अवर अभियंता अजय कनौजिया और संविदा कर्मी तनवीर बेग ने किसी तरह से मौका पाकर उपखण्ड अधिकारी को मोबाइल पर सूचना दी और डायल 112 में शिकायत दर्ज कराई। मौके पर पहुंची डायल पुलिस को भी सभी आरोपियों द्वारा अंदर नहीं जाने दिया गया। सूचना मिलने पर उपखण्ड अधिकारी मिथलेश कुमार ने अतर्रा थाने से पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर पूरी टीम को बंधक से मुक्त कराया। उन लोगों ने बिजली विभाग की पूरी टीम को करीब एक घंटे तक बंधक बनाकर कर रखा।

अवर अभियंता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर जातिसूचक शब्दों से गाली देने, मारपीट करने, सरकारी काम में बाधा डालने, सरकारी कर्मचारी को अभद्र भाषा में गाली देने और जला कर मारने की कोशिश करने पर पुलिस से मुकदमा दर्ज करने क मांग की है।

विद्युत उपखंड अधिकारी मिथलेश कुमार ने बताया कि राजेश कुशवाहा द्वारा लगातार आईजीआरएस पर विभाग के खिलाफ शिकायत की जा रही थी जिसकी जांच हेतु टीम वहां गई थी। जहां उन लोगों ने टीम को बंधक बनाकर मारने का प्रयास किया है। जेई द्वारा थाने में तहरीर दी गई है। चार आरोपी गिरफ्तार है। कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बिजली विभाग के अधिकारियों को मुक्त कराया है। तहरीर मिली है। कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह