जबलपुर में 11 केवी लाइन पर काम के दौरान आउटसोर्स कर्मी की करंट से मौत, सुरक्षा पर उठे सवाल
जबलपुर, 25 मार्च (हि.स.)। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर सिटी सर्किल के दक्षिण संभाग में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शाहनाला तिलवारा रोड पर 11 केवी विद्युत लाइन विस्तार कार्य के दौरान करंट लगने से एक आउटसोर्स कर्मी की मौत हो गई। घटना के बाद विद्युत कर्मचारी संघ ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दक्षिण संभाग में बुधवार को ठेकेदार के माध्यम से नई विद्युत लाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान करीब 40 वर्षीय आउटसोर्स कर्मी मुकेश मरावी पोल पर चढ़कर काम कर रहा था। अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया और वह उसकी चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि वह पोल पर लगे उपकरण के सहारे लटक गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। जेसीबी मशीन की मदद से मुकेश को नीचे उतारकर मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा प्रोटोकॉल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मध्य प्रदेश बाह्य स्रोत कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि कार्य के लिए विधिवत परमिट लिया गया था, इसके बावजूद लाइन का अचानक चार्ज हो जाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
संघ ने इस मामले में निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही दोषी अधिकारियों या सुपरवाइजर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। घटना के विरोध में संघ के पदाधिकारियों ने मानवाधिकार आयोग से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने मृतक के परिजनों को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा अनुकंपा नियुक्ति और अन्य देय लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।
मृतक मुकेश मरावी अपने पीछे पत्नी और बच्चों को छोड़ गया है। परिवार के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, जिसको लेकर कर्मचारी संगठन ने न्याय और मुआवजे की लड़ाई जारी रखने की बात कही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

