home page

बिजली बिल अपडेट के नाम पर खाते से उड़ाए 1.95 लाख

 | 
बिजली बिल अपडेट के नाम पर खाते से उड़ाए 1.95 लाख


जयपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। राजधानी के ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से 1.95 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। ठगों ने के-नंबर के साथ एक फर्जी लिंक भेजा, जिस पर क्लिक करते ही पीड़ित का मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से रकम निकाल ली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मीणा ने बताया कि जगतपुरा स्थित गांधी विहार निवासी शकील अहमद (53) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित के मोबाइल पर बिजली बिल अपडेट करने संबंधी एक संदेश आया, जिसमें उनके बिल का के-नंबर और भुगतान के लिए एक लिंक दिया गया था।

शकील अहमद ने बिल अपडेट करने के उद्देश्य से लिंक पर क्लिक किया। आरोप है कि इसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और उसका नियंत्रण साइबर ठगों के हाथ में चला गया। इसके बाद ठगों ने उनके बैंक खाते से 1.95 लाख रुपये ऑनलाइन निकाल लिए।

कुछ देर बाद बैंक खाते से राशि कटने का संदेश मिलने पर पीड़ित को ठगी का पता चला। उन्होंने तत्काल ट्रांसपोर्ट नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आईटी एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश