home page

वृद्ध महिला को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में 4 पुरुष और 3 महिलाएं गिरफ्तार

 | 
वृद्ध महिला को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में 4 पुरुष और 3 महिलाएं गिरफ्तार


डूंगरपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले के कुँआ थाना पुलिस ने ऑपरेशन शिकंजा के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए एक वृद्ध महिला का अपहरण कर उसे बंधक बनाने और बेरहमी से मारपीट करने के मामले में 4 पुरुष और 3 महिला आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई रस्सी, लोहे की साकल (जंजीर) और ताला भी बरामद कर लिया है।

कुँआ थानाधिकारी ने बताया कि, घटना 6 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 3:00 बजे की है। डूंगरसारण निवासी पीड़िता अपने घर के आंगन में बैठी थी, तभी गांव के ही सुकरम, रमण, चंदु, विनय और उनके परिवार की महिलाएं जबरन उसके घर में घुस आईं। आरोपित पीड़िता को घसीटते हुए अपने घर ले गए, जहां उन्होंने महिला को रस्सी और लोहे की साकल से बांध दिया। इसके बाद आरोपितों ने महिला के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसके शरीर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और पीड़िता के परिजनों ने उसे आरोपितों के चंगुल से छुड़ाया। इस संबंध में कुँआ थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशानुसार कुँआ थानाधिकारी रघुवीर सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित अनुसंधान करते हुए डूंगरसारण निवासी सभी 7 आरोपितों को धरदबोचा।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपितों में सुकरम (62), रमण (47), चन्दु (25), विनय उर्फ विनोद (21) , रूखली (72), रीना (21) और गंगा (44) शामिल हैं। यह सभी डूंगरसारण, थाना कुँआ के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद कानूनी अनुसंधान पूरा कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम के एएसआई गणेशलाल, कांस्टेबल लोकेश और कांस्टेबल नरेंद्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष