बुजुर्ग महिला की मौत के मामले में आरोपित गिरफ्तार
बांदा, 22 सितंबर (हि.स.)। अतर्रा थाना पुलिस ने मंगलवार को बुजुर्ग महिला से मारपीट कर उसकी मौत के मामले में आरोपित ददुआ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से महिला की छीनी गई नाक की कील भी बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि 18 सितंबर को अतर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हौरा में एक अज्ञात व्यक्ति ने बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की थी। गंभीर हालत में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई थी। मामले में मृतका की बहू सरोज की तहरीर पर अतर्रा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। मंगलवार 22 सितंबर को सूचना पर अतर्रा पुलिस ने ददुआ को रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 18 सितंबर को उसने धान के खेत में बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की थी और उसकी नाक की कील छीन ली थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नाक की कील बरामद कर ली। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

