home page

जमीनी विवाद में वृद्धा की संदिग्ध मौत, भतीजों पर मारपीट का आरोप; 30 घंटे बाद मिला शव

 | 
जमीनी विवाद में वृद्धा की संदिग्ध मौत, भतीजों पर मारपीट का आरोप; 30 घंटे बाद मिला शव


अनूपपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना अंतर्गत वेंकटनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम केरहा भेलमा में जमीनी विवाद के बीच 65 वर्षीय वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के चलते भतीजों ने वृद्धा के साथ मारपीट की और उसे घर के आंगन में छोड़कर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। करीब 30 घंटे बाद पुलिस को सूचना मिलने पर शव बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान रामबाई गोंड (65), पत्नी स्वर्गीय सुधु सिंह गोंड निवासी केरहा भेलमा के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर उनका शव घर के आंगन में मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।

जैतहरी थाना प्रभारी गोकुलानंद पांडेय ने बताया कि रामबाई के पति का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका था और उनकी कोई संतान नहीं थी। उनके पास करीब चार से पांच एकड़ जमीन थी, जिसे लेकर उनका देवर के बेटों से लंबे समय से विवाद चल रहा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविवार सुबह जमीन विवाद को लेकर दोनों भतीजों ने कथित रूप से रामबाई के साथ मारपीट की। एक स्थानीय महिला के द्वारा घटना देखे जाने की जानकारी भी सामने आई है। आरोप है कि मारपीट के बाद वृद्धा को घर के आंगन में छोड़कर आरोपी बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गए।

ग्रामीणों के अनुसार आरोपितों के भय के कारण किसी ने तत्काल दरवाजा खोलने का साहस नहीं किया। रामबाई गांव में धान रोपाई का काम करती थीं। रविवार और सोमवार को जब वह काम पर नहीं पहुंचीं तो उनके साथ काम करने वाली महिलाएं उनका हाल जानने घर पहुंचीं। वहां वृद्धा को मृत अवस्था में देखकर उन्होंने उपसरपंच को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।

वेंकटनगर चौकी प्रभारी प्रवीण साहू ने बताया कि शव करीब 30 घंटे तक घर के आंगन में पड़ा रहा। पुलिस आरोपित भतीजों की तलाश कर रही है। शाम होने के कारण पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला