युवक ने लाठी से हमला कर बुजुर्ग को मौत के घाट उतारा
महोबा, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के खन्ना थाना क्षेत्र स्थित गांव ग्योड़ी में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े एक मानसिक विक्षिप्त ने बुजुर्ग पर लाठी से हमला करके मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
सदर क्षेत्राधिकारी रविकांत गौड़ ने बताया कि जनपद के थाना खन्ना क्षेत्र के ग्राम ग्योड़ी में हरिशंकर ने गांव के ही बुजुर्ग रामाधार (80) पर डंडानुमा लकड़ी से हमला कर घायल कर दिया। परिजन घायल काे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कबरई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के सम्बन्ध में गांव वालों से जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि मृतक किसी कार्य के सिलसिले में आरोपित के घर गया था। इसी दौरान यह घटना घटित हुई। घटना के संबंध में परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है तथा नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
मृतक के बेटे ने बताया कि पिता रामाधार कृषि कार्य के लिए खुरपी बनवाने के लिए गांव के ही शिवदास विश्वकर्मा के घर गए थे, जहां शिवदास के बेटे हरिशंकर ने लाठी से पिता पर जानलेवा हमला कर मरणासन्न कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पिता की मौत हो गई है। वहीं, परिजन युवक काे मानसिक विक्षप्त बता रहे हैं।पुलिस आराेपित काे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

