बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या, शव के पास ही शराब पी और खाना खाया
नागौर, 14 अगस्त (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र में बासनी सिगड़ रोड पर खेत में बने कमरे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की चाकू से गला रेतकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपित कमरे में ही शव के पास बैठकर शराब पीते रहे और खाना भी खाया। घटना के दौरान बुजुर्ग के दो दोहिते भी मौके पर मौजूद थे। बड़ा दोहिता डरकर खेत में जाकर छिप गया, जबकि आरोपित छोटे दोहिते को अपने साथ ले गए और बाद में उसे उसकी मां के पास छोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गुलाब सिंह (70) के रूप में हुई है। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटे बीकानेर के खाजूवाला में रहते हैं, जबकि एक बेटी घटनास्थल के नजदीक ही रहती है। गुलाब सिंह करीब दो महीने पहले खेत में बने एक कमरे को किराए पर लेकर वहां रहने लगे थे। लकवाग्रस्त होने के कारण उनकी देखभाल के लिए उनके दो दोहिते भी उनके साथ रहते थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आसाराम चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार 13 अगस्त की शाम चार युवक खेत में बने कमरे पर पहुंचे थे। उस समय गुलाब सिंह के दोनों दोहिते भी वहां मौजूद थे। आरोप है कि युवकों ने चाकू से बुजुर्ग का गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपित वहीं शराब पीते रहे और खाना खाया। वारदात देखकर बड़ा दोहिता घबरा गया और खेत में जाकर छिप गया। आरोपिताें ने कमरे पर बाहर से ताला लगा दिया और छोटे दोहिते को अपने साथ ले जाकर उसकी मां के पास छोड़ दिया।
शुक्रवार सुबह करीब पड़ोसी जगदीश खेत में पहुंचा। वहां उसे बड़ा दोहिता मिला, जिसने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद जगदीश खेत में बने कमरे पर पहुंचा तो गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था। उसने पास की खिड़की से अंदर देखा तो गुलाब सिंह का शव पड़ा था और फर्श पर खून बिखरा हुआ था। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मौके से सब्जी काटने वाला चाकू बरामद किया है, जिससे बुजुर्ग का गला काटे जाने की आशंका है। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए युवक नशे की हालत में थे।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पैसे के लेनदेन का मामला सामने आया है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह, वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और घटना का पूरा क्रम पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

