home page

कानपुर : 36 घंटे की मशक्कत के बाद तालाब से निकाला गया बुजुर्ग का शव

 | 
कानपुर : 36 घंटे की मशक्कत के बाद तालाब से निकाला गया बुजुर्ग का शव


कानपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के घाटमपुर में तालाब में डूबे बुजुर्ग का शव करीब 36 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सोमवार को बरामद किया गया। तालाब में फैली खरपतवार और दलदल के चलते बचाव दल को शव तलाशने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घाटमपुर के गांधी नगर मोहल्ला निवासी सत्यनारायण (55) मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक शनिवार देर रात घर में किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद वह नाराज होकर घर के पास बने तालाब में कूद गए। परिजनों की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और उन्हें तालाब से बाहर निकाल लिया। हालांकि, करीब दो घंटे बाद सत्यनारायण दोबारा तालाब में चले गए। इस बार लोगों के पहुंचने तक देखते ही देखते वह दलदल में फंसकर पानी में डूब चुके थे। घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप