दशकों पुराना अटूट बंधन एक झटके में खत्म : 80 साल के बुजुर्ग ने 72 वर्षीय पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या
गाजियाबाद, 16 मई (हि.स.)। गाजियाबाद के थाना मुरादनगर क्षेत्र के रावली कला गांव में शनिवार तड़के एक 80 वर्षीय एक बुजुर्ग ने अपनी 72 वर्षीय पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपित पति खुद थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह लगभग चार बजे हरपाल पुत्र खचेडू निवासी रावली कला, थाना मुरादनगर ने रावली चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काट दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि चारपाई पर लेटी उर्मिला के सिर पर कान के पास कुल्हाड़ी से कई गहरे घाव थे। गंभीर रूप से घायल उर्मिला को तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर ले जाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने उर्मिला का इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उपचार के दौरान ही उर्मिला को मृत घोषित कर दिया।
शुरूआती जांच में सामने आया है कि पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, उसे लगता था कि पत्नी का बाहर किसी से अवैध संबंध है। वहीं, बुजुर्ग मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। पुलिस को घटनास्थल पर पता चला कि आरोपी हरपाल, मूल रूप से मोरटा कब्रिस्तान के पास का रहने वाला है और वर्तमान में रावली में अपनी बेटी के घर पर अपनी पत्नी उर्मिला के साथ रह रहा था। घर पर उनकी बेटी कंचन के लड़के कुणाल और अजय भी मौजूद थे। कुणाल के मम्मी-पापा मेरठ गए हुए थे। मृतका उर्मिला के नाती कुणाल ने पुलिस को बताया कि उसके नाना हरपाल की मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि नाना और नानी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। घटना की रात, जब सभी लोग सो रहे थे, तब हरपाल और उर्मिला बाहर सो रहे थे। इसी दौरान यह खौफनाक वारदात हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस आरोपित हरपाल से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। मानसिक स्थिति खराब होने और आपसी कलह के दावों की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

