निर्माणाधीन मकान में बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, गांव में दहशत
पन्ना, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सलेहा थाना क्षेत्र के ग्राम पल्हरी में 65 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पल्हरी निवासी सुरेंद्र सिंह (65) पुत्र प्रतिपाल सिंह गांव की मुख्य बस्ती से करीब 500 मीटर दूर पल्हरी-उजनेही मार्ग पर स्थित अपने निर्माणाधीन मकान में अक्सर रात के समय रुकते थे। बताया जाता है कि रात करीब 10 बजे वह मकान में मौजूद थे। इसी दौरान किसी अज्ञात हमलावर ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना की जानकारी शनिवार सुबह हुई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही सलेहा थाना प्रभारी दीपक त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुनौर एसडीओपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम ने भी पहुंचकर निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल के आसपास से एक शर्ट सहित कुछ अहम साक्ष्य मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, शर्ट किसकी है और उसका वारदात से क्या संबंध है, इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर जांच कर रही है। मामले में कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

