पैसों के विवाद में बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या, एक आरोपित गिरफ्तार, दो फरार
नाती के दोस्तों पर हत्या का आरोप
धमतरी, 7 मई (हि. स.)। जिले के नगर पंचायत भखारा में बुधवार रात पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। महावीर चौक पर खड़े एक बुजुर्ग की बाइक सवार युवकों ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक चार निवासी अन्नू निर्मलकर के नाती साहिल निर्मलकर ने कुछ समय पहले अपने मित्र चिक्कू दीवान की बाइक चलाई थी। इसी दौरान बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। दुर्घटना के बाद बाइक की मरम्मत में लगभग 24 हजार रुपये खर्च होने की बात सामने आई। साहिल ने किसी तरह पांच हजार रुपये की व्यवस्था कर दिए थे, लेकिन बाकी रकम को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
बताया गया कि बुधवार देर शाम अन्नू निर्मलकर महावीर चौक के पास खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और बाइक मरम्मत के पैसों को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि शिवम साहू ने अपने पास रखे धारदार चाकू से अन्नू निर्मलकर के गले पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि बुजुर्ग मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद चौक में अफरा-तफरी मच गई। घायल अन्नू को तत्काल भखारा अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने रात करीब 10:15 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे ने बताया कि बाइक दुर्घटना और मरम्मत के पैसों के विवाद को लेकर यह घटना हुई है। मामले में चिक्कू दीवान को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपित शिवम साहू और राहुल कंवर की तलाश जारी है। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर आरोपितों की खोज तेज कर दी है। उल्लेखनीय है कि मृतक अन्नू निर्मलकर वार्ड 4 के पार्षद छबिलाल निर्मलकर के चाचा थे। घटना के बाद पूरे भखारा क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

