मंडला में घर में सो रहे 83 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या, गले पर मिले धारदार हथियार के निशान
मंडला, 29 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले के भैंसवाही गांव में घर में सो रहे 83 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह उनका शव घर में मिला। गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
मृतक की पहचान सोहन सिंह सरोते के रूप में हुई है। वे अपनी पत्नी के साथ गांव के स्कूल टोला में रहते थे। उनके बच्चे अलग रहते हैं। परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात पति-पत्नी ने खाना खाया और इसके बाद सो गए। मंगलवार सुबह पत्नी ने सोहन सिंह को मृत अवस्था में देखा। उन्होंने इसकी जानकारी अपने बेटे अतुल को दी। बेटे ने पुलिस को सूचना दी।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही सलवाह चौकी और घुघरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए बालाघाट से फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
धारदार हथियार से वार की आशंका
एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा ने बताया कि सोहन सिंह गुनिया (जादू-टोना) का काम करते थे। प्रारंभिक जांच में उनके गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस हत्या के कारणों और घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान के लिए जांच कर रही है। बिछिया एसडीओपी, घुघरी थाना प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों और परिजनों से भी जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

