home page

जमीन विवाद में खेत पर काम कर रहे बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी के सामने लाठी-डंडों से किया हमला

 | 
जमीन विवाद में खेत पर काम कर रहे बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी के सामने लाठी-डंडों से किया हमला


बालोतरा, 01 अगस्त (हि.स.)। जिले के सिणधरी थाना क्षेत्र के खारा महेचा गांव में जमीन विवाद को लेकर खेत पर काम कर रहे एक 74 वर्षीय बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात शुक्रवार देर शाम हुई। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपित फरार हो गए, जबकि पत्नी पति के शव के पास बैठकर विलाप करती रही।

सूचना मिलने पर सिणधरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना से आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद रात में शव को सिणधरी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

शनिवार सुबह पुलिस की एफएसएल और एमओबी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्या के मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपिताें की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार खारा महेचा निवासी मगाराम पुत्र लालाराम घांची अपनी पत्नी के साथ खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान राणाराम सहित अन्य लोग वहां पहुंचे। जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि राणाराम और उसके साथियों ने मगाराम पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण मगाराम लहूलुहान होकर खेत में गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतक के बेटे बाबूलाल ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद को लेकर उनके पिता ने करीब एक माह पहले सिणधरी थाने में जान का खतरा बताते हुए शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। परिजनों का कहना है कि यदि शिकायत पर कार्रवाई होती तो यह घटना टाली जा सकती थी। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने राणाराम, उसके बेटे वगताराम, खेताराम पुत्र वगताराम, बाबूलाल पुत्र शंकराराम सहित अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

सिणधरी थानाधिकारी शंकरलाल ने बताया कि एफएसएल और एमओबी टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित