नोएडा में सोना- चांदी में निवेश का झांसा देकर बुजुर्ग से 27 लाख 50 हजार रुपए की ठगी
नोएडा, 10 सितंबर (हि.स.)। नोएडा में सोना चांदी में निवेश करवा कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति से 27 लाख 50 हजार रुपए की ठगी कर ली है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि केवल कृष्ण सहगल उम्र 65 वर्ष ने बीती रात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है की वह सेक्टर 121 स्थित किल्ओ काउंटी सोसाइटी में रहते हैं। उनके अनुसार अगस्त माह में उनकी ऑनलाइन कथित निधि शर्मा नामक महिला से बातचीत शुरू हुई। उसने कहा कि मैं एक ऐप पर सोंने और चांदी की ग्लोबल मार्केटिंग का काम करती हूं। उसने बुजुर्ग को अपनी मीठी-मीठी बातों में फंसाया तथा विश्वास जीता। बुजुर्ग से महिला ने कहा कि आप अपना अकाउंट ऐक एप पर खोल लीजिए। हम दोनों मिलकर इन्वेस्टमेंट करेंगे और जो भी मुनाफा होगा आधा-आधा बांट लेंगे। पीड़ित महिला की बातों में आ गए तथा उन्होंने 14 अगस्त वर्ष 2026 को पहले 50 हजार रुपए निवेश किया। उसके बाद उनसे कहा गया कि ज्यादा मुनाफा के लिए ज्यादा ट्रांजैक्शन दिखाना जरूरी है। पीड़ित बुजुर्ग महिला की बातों में आ गए तथा कई बार में उन्होंने उसके बताए हुए खाते में 27 लाख 50 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिया।
ऐप पर बुजुर्ग को अपने इन्वेस्टमेंट की गई रकम का काफी मोटा मुनाफा दिखाई दे रहा था। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो उनसे 3 सितंबर को कहा गया कि जब तक 30 ट्रांजैक्शन पूरे नहीं होंगे तब तक पैसा नहीं निकलेगा, और पैसा निकालने के लिए 12 प्रतिशत अतिरिक्त जमा करना होगा जो 19 लाख रुपया था। तब बुजुर्ग को अपनी ठगी का एहसास हुआ ,तथा उन्होंने थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज करवाया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

