home page

गणेश विसर्जन के दौरान विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, चार आरोपित गिरफ्तार

 | 
गणेश विसर्जन के दौरान विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, चार आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 26 सितंबर (हि. स.)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के बाद मारपीट में 74 वर्षीय बुजुर्ग जोत राम कश्यप की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पंतोरा चौकी और बलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपित को गिरफ्तार कर आज शनिवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, घटना 25 सितंबर 2026 की है। ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच गाली-गलौज और मारपीट हो गई। राहुल ने घटना की जानकारी अपने पिता रोहित कश्यप को दी। इसके बाद रोहित मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई।

इसके बाद रोहित कश्यप, राहुल कश्यप और 74 वर्षीय जोत राम कश्यप मोटरसाइकिल से घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने पंतोरा चौकी जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम के हाईस्कूल के पास उनकी मुलाकात शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप से हुई। आरोप है कि इसी दौरान विवाद फिर शुरू हो गया और आरोपियों ने तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, शिव कश्यप ने डंडे से हमला किया, जबकि नारायण कश्यप और संजय कश्यप ने हाथ-मुक्के और पैर से मारपीट की। वहीं सविता कश्यप पर राहुल कश्यप को पकड़कर मारपीट करने का आरोप है। मारपीट के दौरान जोत राम कश्यप को जमीन पर पटक दिया गया, जिससे उनके सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं। गंभीर चोट के कारण उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

विवेचना और पूछताछ के बाद पुलिस ने शिव कुमार कश्यप, संजय कश्यप, नारायण कश्यप और सविता कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों में शिव कुमार कश्यप को पुलिस ने पूर्व सरपंच बताया है। सभी आरोपी ग्राम गतवा के निवासी हैं।

इस कार्रवाई में बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, पंतोरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक के.के. साहू, एएसआई जयनंदन मार्बल, आरक्षक दिलीप माथुर, युवराज सिंह, रामगोपाल और अहमद कुरैशी का योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT