खेत की जुताई के विवाद में पट्टीदारों ने बुजुर्ग को पीटा, मौत
जौनपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित जरौना गांव में सोमवार शाम खेत की जुताई को लेकर हुए विवाद में 74 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पट्टीदारों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
जरौना निवासी काशीनाथ उपाध्याय (74) सोमवार शाम करीब छह बजे अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई करा रहे थे। मृतक के पौत्र नीलेश उपाध्याय और पुत्र अवधेश उपाध्याय के अनुसार, इसी दौरान पट्टीदार विनोद और विकास मौके पर पहुंचे और खेत की जुताई का विरोध करने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विनोद और विकास ने काशीनाथ उपाध्याय के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए मछलीशहर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर मीरगंज थानाध्यक्ष अरविंद सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। स्थिति को देखते हुए सीओ मछलीशहर परमानंद भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

