दंपती से चेन लूट, धक्का देने से पति का टूटा हाथ
कानपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। रेलबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सीओडी फ्लाईओवर पर शुक्रवार भोर में बाइक सवार दो बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती से चेन लूट ली। वारदात के दौरान बदमाशों ने महिला के गले से चेन खींची और भागते समय स्कूटी में धक्का मार दिया, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
कृष्णा नगर निवासी त्रिभुवन जैन पत्नी नीलम जैन के साथ जनरलगंज स्थित जैन मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। दोनों स्कूटी से सीओडी फ्लाईओवर से गुजर रहे थे। तभी पीछे से बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और नीलम के गले से चेन झपट ली। इसके बाद बदमाशों ने स्कूटी को धक्का दिया और तेजी से फरार हो गए।
अचानक धक्का लगने से स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में नीलम जैन के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं, जबकि त्रिभुवन जैन का बायां हाथ टूट गया। उनके शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट लगी। घटना के बाद दंपती ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
त्रिभुवन जैन ने बताया कि वह एनसीसीएफ ऑफ इंडिया में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और वर्ष 2018 में सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके तीन बेटे हैं। उन्होंने बताया कि बदमाश जो चेन ले गए, वह पुश्तैनी थी। चेन में करीब चार ग्राम का सोने का लॉकेट लगा था, जबकि चेन का वजन करीब 12 ग्राम था।
घटना डीसीपी पूर्वी कार्यालय से करीब 200 मीटर की दूरी पर हुई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान करने के साथ उनके आने और भागने वाले रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है।
रेल बाजार थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

