home page

जांजगीर में बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या, गला रेतकर उतारा मौत के घाट, सोने का हार गायब

 | 
जांजगीर में बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या, गला रेतकर उतारा मौत के घाट, सोने का हार गायब


जांजगीर में बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या, गला रेतकर उतारा मौत के घाट, सोने का हार गायब


जांजगीर में बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या, गला रेतकर उतारा मौत के घाट, सोने का हार गायब


जांजगीर-चांपा, 01 अप्रैल (हि. स.)। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी में एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड से इलाके में दहशत फैल गई है। अज्ञात आरोपित ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपति की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद महिला के गले से सोने का हार भी गायब मिला है, जिससे हत्या के पीछे लूट की आशंका जताई जा रही है।

मृतकों की पहचान संतराम साहू (65 वर्ष) और उनकी पत्नी श्याम बाई साहू (62 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों दंपति घर में अकेले रहते थे, जबकि उनके दोनों बेटे अलग-अलग स्थानों पर निवास करते हैं। घटना 31 मार्च की देर रात की बताई जा रही है।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब उनका बड़ा बेटा हरिशंकर साहू आज सुबह खेत में दवाई छिड़काव के लिए पिता के घर पहुंचा। घर का दरवाजा खुला देख उसे शक हुआ और अंदर जाने पर उसने देखा कि पिता का शव जमीन पर और मां का शव खाट पर खून से लथपथ पड़ा है। यह भयावह दृश्य देखकर उसने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित घर में घुसकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। घटनास्थल पर खून से सने पैरों के निशान मिले हैं। जिससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात में एक से अधिक आरोपित शामिल हो सकते हैं। पुलिस को मौके से होली का मुखौटा और नकली बाल भी बरामद हुए हैं, जिससे यह अंदेशा है कि आरोपित पहचान छिपाने के लिए भेष बदलकर आया था।जानकारी के अनुसार आरोपित घर के पास लगे पेड़ के सहारे चढ़कर अंदर घुसा था। वारदात के बाद महिला के गले से सोने का हार गायब पाया गया, जिससे लूट के इरादे से हत्या की संभावना और मजबूत हो रही है।

सूचना मिलते ही मुलमुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।

फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT