घर बनाने के विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की ली जान, बीच-बचाव में पत्नी भी गंभीर घायल
उमरिया, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के महारोई गांव में जमीन पर घर बनाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो सगे भाइयों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई के हमले में छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, महारोई निवासी गिरवर सिंह राठौर और उसके छोटे भाई भोला सिंह राठौर के बीच सोमवार देर रात करीब 11 बजे जमीन के सामने हिस्से में मकान निर्माण को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और बड़े भाई ने छोटे भाई पर हमला कर दिया।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची भोला सिंह की पत्नी पूजा राजपूत भी हमले की चपेट में आ गई। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और ग्रामीण उन्हें रात करीब 12 बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने भोला सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं पूजा राजपूत का अस्पताल में उपचार जारी है।
मंगलवार को कोतवाली थाना प्रभारी मदन लाल मरावी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान गिरवर सिंह ने डंडे से हमला किया, जिससे भोला सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी। इसी दौरान बीच-बचाव कर रही पूजा राजपूत पर भी डंडे से हमला किया गया। घायल अवस्था में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन भोला सिंह की जान नहीं बच सकी।
पुलिस ने आरोपित गिरवर सिंह राठौर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर पारिवारिक संपत्ति विवाद के दुखद परिणाम को सामने लाती है। मामूली जमीन विवाद ने एक परिवार से उसका सदस्य छीन लिया, जबकि दूसरा भाई अब कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी

