मामूली विवाद पर बड़े भाई की फावड़े से हत्या करने वाला आराेपित गिरफ्तार
कांकेर, 10 नवंबर (हि.स.)। जिले के कोरर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के चलते रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक भाई ने अपने ही बड़े भाई की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही कोरर पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के चंद घंटों के भीतर आरोपित भाई शामसाय उइके, पिता स्वर्गीय लल्लीराम उइके, निवासी ग्राम ऊंचपानी को आज मंगलवार काे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 09 नवंबर की देर रात ग्राम ऊंचपानी में रामलाल उइके (करीब 50 वर्ष) के साथ उसके भाई शामसाय उइके (41 वर्ष) ने मारपीट की थी। इस दौरान आई गंभीर चोटों के कारण शामलाल की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोरर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 नवंबर को आरोपित शामसाय उइके, पिता स्वर्गीय लल्लीराम उइके, निवासी ग्राम ऊंचपानी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा सहित कोरर थाना पुलिस की टीम का याेगदान रहा। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर रही है। कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

