जमीनी विवाद में बड़े भाई की हत्या करने वाला आरोपित गिरफ्तार
सुकमा, 01 अगस्त (हि.स.)। जिले के थाना चिंतागुफा पुलिस ने जमीनी विवाद एवं खेत जुताई की बात को लेकर बड़े भाई की हत्या के प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए आज शनिवार काे आरोपित छोटे भाई पोडियाम जोगा को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त हथियार टंगिया बरामद कर जब्त किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को ग्राम तिमेलवाड़ा (स्कूलपारा) निवासी पोडियाम बण्डी अपने घर में भोजन कर रहा था। इसी दौरान उसका छोटा भाई पोडियाम जोगा पुराने जमीनी विवाद एवं खेत जुताई की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए रसोईघर में पहुंचकर विवाद करने लगा, विवाद बढ़ने पर आरोपित ने आवेश में आकर पास में रखी टंगिया के पिछले हिस्से से अपने बड़े भाई के सिर पर लगातार दो वार कर दिए। गंभीर चोट एवं अत्यधिक रक्तस्राव के कारण पोडियाम बण्डी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।
मृतक की पत्नी की मौखिक रिपोर्ट पर थाना चिंतागुफा में मर्ग क्रमांक 07/2026 एवं अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना चिंतागुफा पुलिस द्वारा तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपित की तलाश शुरू की गई। सतत प्रयासों एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपित पोडियाम जोगा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार टंगिया भी बरामद कर जब्त किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

