बड़े भाई ने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से किया जानलेवा हमला
कोंडागांव, 04 जुलाई (हि.स.)। जिले के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटपाड़ में विवाद को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई के ऊपर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना को देख बीच-बचाव करने आई मां भी घायल हो गई। दाेनाे घायलाें काे उपचार के लिए फरसगांव के अस्पताल में भर्ती किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोटपाड निवासी सलीम पटेल (24 वर्ष), अपनी मां रामोतीन पटेल के साथ शुक्रवार देर शाम घर में भोजन कर रहा था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई जितेंद्र पटेल वहां पहुंचा और कथित तौर पर कुल्हाड़ी से सलीम पर हमला कर दिया। हमले में सलीम के सिर, पीठ और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। बीच-बचाव करने के दौरान उसकी मां रामोतीन पटेल भी घायल हो गईं। आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए कोटपाड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायल सलीम पटेल एवं उसकी मां रामोतीन पटेल को 112 एंबुलेंस की सहायता से बीती रात लगभग 8:30 बजे फरसगांव अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

