महिला ने लगाया पति, जेठ व जेठानी एवं ससुर पर दहेज प्रताड़ना का आरोप, पुलिस ने शुरु की जांच
मुरादाबाद, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्त्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में थाना भगतपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने थाना पुलिस को दी तहरीर में पति, जेठ व जेठानी एवं ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। साथ ही पति की गैर मौजूदगी में जेठ पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। थाना भगतपुर प्रभारी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर सात आरोपितों के विरुद्ध रविवार को रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
महिला के अनुसार, उसकी शादी 10 नवंबर 2024 को भगतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से पति, जेठ व जेठानी एवं ससुर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि बीती नौ अप्रैल की रात पति के घर से बाहर होने पर जेठ उसके कमरे में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत करने पर भी ससुराल पक्ष ने कार्रवाई करने के बजाय उसे धमकाया। आरोप है कि 23 मई को आरोपितों ने फिर लाठी-डंडों से मारपीट की और ससुराल से निकाल दिया। जिससे उसके कान व शरीर में गंभीर चोट आई। महिला के अनुसार इसके बाद वह अपने मायके आ गई।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

