घर के आंगन की होद में डूबने से 7 वर्षीय मासूम की मौत, मामला संदिग्ध
खाचरोद, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के खाचरोद शहर की लंगर कॉलोनी में घर के आंगन में बनी पानी की होद में गिरने से सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। फिलहाल मामले को संदिग्ध माना जा रहा है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार लंगर कॉलोनी में रहने वाला सात वर्षीय ध्रुव पिता धर्मेंद्र (जाति बलाई) घर में बनी पानी की होद में गिर गया। कुछ ही देर बाद परिजनों ने उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, हालांकि शुक्रवार दोपहर तक बालक का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था।
बताया जा रहा है कि मृतक का परिवार मूल रूप से देवास जिले का रहने वाला है और करीब एक सप्ताह पहले ही खाचरोद आकर रहने लगा था। जानकारी के अनुसार बालक अपनी मां के साथ रह रहा था। पारिवारिक विवाद के चलते उसकी मां बच्चे को लेकर खाचरोद आई थी।
सूत्रों के मुताबिक महिला को एक पुलिसकर्मी की मदद से किराये पर कमरा मिला था। घटना की सूचना मृतक के ससुराल पक्ष को दी गई, जिन्होंने पुलिस से कहा कि उनके पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाए। इसी कारण पोस्टमार्टम में देरी हुई और पूरे मामले को लेकर संदेह की स्थिति बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / Ravindra singh Raghuvanshi

