home page

सिरसा: करियाणा स्टोर से आठ गैस सिलेंडर जब्त

 | 
सिरसा: करियाणा स्टोर से आठ गैस सिलेंडर जब्त


सिरसा, 02 अप्रैल (हि.स.)। : घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने की दिशा में जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा लगातार जांच व छापेमारी की जा रही है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने गुरुवार को सिरसा शहर में छापामारी कर एक करियाणा स्टोर से आठ गैस सिलेंडर जब्त किए। जिनमें दो भरे हुए और 6 खाली थे। टीम ने सभी सिलेंडर जब्त कर लिए।

जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले नियंत्रक हरवीर सिंह नेे बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली कि डबवाली रोड स्थित एक करियाणा स्टोर पर गैस की कालाबाजारी की जा रही है। सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों की टीम गठित की गई, जिसमें सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी राहुल कुमार, निरीक्षक भूपेश गोयल और निरीक्षक आनंद शर्मा शामिल किए गए। टीम ने किरयाणा स्टोर की औचक जांच की और मौके पर दो भरे हुए और छह खाली सिलेंडर बरामद किए।

हरवीर सिंह ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और सभी एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को गैस की डिलीवरी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही की जा रही है। उन्होंने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं से तय कीमत से अधिक राशि न वसूली जाए। यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी या अवैध उपयोग पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma