रायपुर : नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 96 घंटे के ऑपरेशन में हिस्ट्रीशीटर समेत आठ आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 11 जून (हि.स.)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नारकोटिक्स के लोकल नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 96 घंटे के विशेष अभियान में हिस्ट्रीशीटर समेत 8 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हेरोइन, एमडी ड्रग्स, नशीली गोलियां और गांजा समेत करीब 5 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। नारकोटिक एक्ट के अतिरिक्त 4 आर्म्स एक्ट के प्रकरणों में भी गिरफ्तारी हुई।
पुलिस के मुताबिक, टिकरापारा, सिविल लाइन, न्यू राजेंद्र नगर, खमतराई और डीडी नगर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस दौरान 8.75 ग्राम हेरोइन, 5 ग्राम एमडी ड्रग्स, 238 नशीली टैबलेट और करीब 3 किलो गांजा बरामद किया गया। आरोपितों के कब्जे से नगदी और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपितों में अफसर कादर नाम का हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है, जिसके खिलाफ रायपुर और महाराष्ट्र के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे सिविल लाइन क्षेत्र से 5 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में हिस्ट्रीशीटर अफसर कादर निवासी मौदहापारा रायपुर, हरप्रीत सिंह मट्टू निवासी न्यू खुर्सीपार भिलाई, ऋषि साहू निवासी गोरबा नगरदा बिलाईगढ़, महावीर जैन निवासी काठाडीह पुरानी बस्ती रायपुर, मीर कुरैशी उर्फ विक्की पता राजातालाब रायपुर, गुलाब कंडरा पता शक्तिघाट सरोना रायपुर के अलावा दो नाबालिग बालक शामिल है।
पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद अब तक एनडीपीएस एक्ट के 49 मामलों में 113 आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और 2 करोड़ 63 लाख 62 हजार चार सौ नब्बे रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस अब एंड-टू-एंड जांच के जरिए नशे के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

