home page

ईट भट्टा कारोबारी पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आठ आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम

 | 

जौनपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला मोड़ तिराहे के पास हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने आठ वांछित आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इन आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, नौ सितंबर की रात करंजाकला मोड़ तिराहे के पास ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना हुई थी। इसमें विपिन यादव के सीने में गोली लगी थी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। मामले में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने उनके ऊपर इनाम घोषित किया है।पुलिस की ओर से जारी वांछित आरोपितों की सूची में शिवम उर्फ निरहू यादव, आदित्य यादव उर्फ गब्बर यादव, अंकित यादव और सत्यम यादव शामिल हैं। चारों आरोपी खजुरा गांव, थाना सरायख्वाजा के निवासी बताए गए हैं।इसके अलावा अवनीश यादव निवासी भैसनी, संतोष पाल पुत्र अमरनाथ पाल निवासी खजुरा, सोनू सिंह पुत्र तेजप्रताप सिंह निवासी खजुरा और ओम प्रकाश सिंह पुत्र रामजनम सिंह निवासी गडैला को भी वांछित किया गया है।

पुलिस ने सभी आठ आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और उनके संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वांछित आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने या जौनपुर पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का दावा है कि इनाम घोषित किए जाने के बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान और तेज किया गया है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव