home page

ईद मिलादुन्नबी जुलूस में पटाखा फोड़ते समय हादसा, युवक की मौत

 | 
ईद मिलादुन्नबी जुलूस में पटाखा फोड़ते समय हादसा, युवक की मौत


उदयपुर, 26 अगस्त (हि. स.)। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार दोपहर उदयपुर में निकाले जा रहे जुलूस के दौरान पटाखा फोड़ते समय हुए दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक मिनी स्टील गन में आलू बम रखकर पटाखा फोड़ रहा था। इसी दौरान गन का पिछला ढक्कन तेज धमाके के साथ टूटकर युवक की गर्दन पर जा लगा। गंभीर चोट लगने के बाद युवक जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और आसपास मौजूद लोग उसे तत्काल एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार घटना बुधवार दोपहर करीब 1 बजे खेमपुरा चौराहे की है। खेमपुरा से ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला जा रहा था, जो अंजुमन चौक से निकलने वाले मुख्य जुलूस में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान युवक पटाखे फोड़ रहा था।

मृतक की पहचान मोहम्मद सलमान (22), पुत्र मोहम्मद अनवर, निवासी रेलवे कॉलोनी के रूप में हुई है। बताया गया कि सलमान अपने भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। घटना की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।

मृतक के छोटे भाई सोहेल के अनुसार, सलमान जुलूस में शामिल होकर स्टील गन में पटाखे भरकर फोड़ रहा था। खेमपुरा चौराहे पर पटाखा चलाते समय अचानक गन के पीछे का ढक्कन टूट गया और तेज गति से निकला हिस्सा सीधे सलमान की गर्दन पर जा लगा।

गर्दन पर गहरी चोट लगने के कारण सलमान गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रतापनगर थाना पुलिस के एएसआई सूरजमल मीणा के अनुसार, पटाखा चलाते समय हुए हादसे में युवक की गर्दन पर गंभीर चोट लगी थी। चोट के कारण उसकी श्वास नली और भोजन नली के फटने की बात सामने आई है, जिससे काफी खून बह गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे की खबर मिलते ही सलमान के परिवार में कोहराम मच गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। छोटे भाई सोहेल ने बताया कि सलमान टेंपो चलाता था। पांच भाई-बहनों में वह तीसरे नंबर पर था। परिवार के लिए यह हादसा बेहद बड़ा सदमा बनकर सामने आया है।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। हादसा किस तरह हुआ और इस्तेमाल की गई स्टील गन की स्थिति क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता