बकरा ईद शुभकामना पोस्टर को लेकर विवाद, धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मामला दर्ज
धार, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के गंधवानी में सोशल मीडिया पर प्रसारित एक ईद-उल-अजहा (बकरा ईद) शुभकामना पोस्टर को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पोस्टर में गोमाता का चित्र उपयोग किए जाने पर स्थानीय हिंदू संगठनों और समाजजनों ने आपत्ति जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनिवार को संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर प्रसारित एक बधाई संदेश में बकरा ईद के शुभकामना पोस्टर के साथ गोमाता का चित्र भी प्रदर्शित किया गया था। पोस्टर में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के फोटो भी शामिल बताए गए हैं। पोस्टर वायरल होने के बाद हिंदू समाज के लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए विरोध दर्ज कराया।
विरोध के दौरान समाजजन गंधवानी के गणेश मंदिर परिसर में एकत्रित हुए और वहां से पैदल मार्च निकालकर बस स्टैंड पहुंचे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार शिकायत की जांच के बाद गंधवानी निवासी आशिक खान के विरुद्ध धार्मिक भावनाएं आहत करने और विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रकरण कायम कर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार को विवेचना अधिकारी एवं निरीक्षक प्रदीप खन्ना ने बताया कि आरोपित फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

