ईस्ट ऑफ कैलाश में किराये के कमरे में युवक-युवती मृत मिले, सुसाइड नोट बरामद, जांच में जुटी पुलिस
नई दिल्ली, 20 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र के संत नगर, ईस्ट ऑफ कैलाश में रविवार सुबह एक किराये के कमरे से युवक और युवती के शव मिले। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, सुबह 9:08 बजे अमर कॉलोनी थाने में पीसीआर कॉल मिली कि संत नगर में एक युवक और युवती ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि युवती के एक दोस्त या पड़ोसी ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसे तोड़ दिया था। कमरे के अंदर 26 वर्षीय युवती, जो महाराष्ट्र के नागपुर की रहने वाली थी। बिस्तर पर मृत अवस्था में मिली। वहीं 30 वर्षीय अनमोल कुंडा पाटिल छत के पंखे से नायलॉन की रस्सी के सहारे फंदे पर लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कई अहम साक्ष्य जुटाए। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जो प्रथम दृष्टया युवक द्वारा लिखा हुआ प्रतीत होता है। पुलिस उसकी हैंडराइटिंग और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एम्स की मोर्चरी भेज दिया गया है। मृतक और मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए दोनों के संबंध, पारिवारिक और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। मामले में सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

