home page

ऑनलाइन पुरानी कार बेचने के नाम पर दो लाख की ठगी, आरोपित गिरफ्तार

 | 
ऑनलाइन पुरानी कार बेचने के नाम पर दो लाख की ठगी, आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 02 मई (हि.स.)। ऑनलाइन सेकेंड हैंड कार बेचने का झांसा देकर दो लाख रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपित को पूर्वी जिला साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित का नाम अमन सेठी है। वह खुद को नामी ऑनलाइन कार सेल-पर्चेज प्लेटफॉर्म का कर्मचारी बताकर लोगों को भरोसे में लेता था और बुकिंग एवं प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा लेता था।

पुलिस ने बताया कि त्रिलोकपुरी निवासी पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना ईस्ट में 16 अप्रैल 2026 को ई-एफआईआर संख्या 127/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे एक व्यक्ति ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सेकेंड हैंड कार बेचने का प्रस्ताव दिया और भरोसा जीतकर बुकिंग व प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर दो लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो कार दी और न ही पैसे लौटाए। बाद में उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया।

पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने शनिवार को बताया कि मामले की जांच के दौरान साइबर थाना पुलिस की टीम ने बैंक ट्रांजैक्शन और डिजिटल फुटप्रिंट खंगाले। जांच में पता चला कि ठगी की रकम भारतीय स्टेट बैंक के एक खाते में ट्रांसफर हुई थी। खाते की केवाईसी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की पहचान अमन सेठी के रूप में हुई। पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना ठिकाना बदल चुका था। आखिरकार तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित पहले भी इसी तरह के एक ठगी के मामले में शामिल रह चुका है, जो कृष्णा नगर थाने में दर्ज है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और पूरे मनी ट्रेल की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक आरोपित ऑनलाइन सेकेंड हैंड कार तलाश रहे लोगों को निशाना बनाता था। वह खुद को प्रतिष्ठित कार बिक्री प्लेटफॉर्म का कर्मचारी बताकर कार की तस्वीरें और डिटेल भेजता, फिर बुकिंग या प्रोसेसिंग फीस के नाम पर एडवांस मांगता। रकम मिलते ही संपर्क तोड़ देता था।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी