प्रीत विहार में ड्रग्स सप्लाई चेन का भंडाफोड़, नाइजीरियाई और केन्याई नागरिक समेत तीन गिरफ्तार
नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन वाली एक ड्रग्स सप्लाई चेन का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक नाइजीरियाई और एक केन्याई नागरिक समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से करीब 11 ग्राम एमडीएमए, 61 ग्राम गांजा, 1.37 लाख रुपये नकद और दो स्कूटर बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पूर्वी जिले में नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए प्रीत विहार थाना पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी क्रम में एसआई क्रांतिवीर, एसआई शिवम, हेड कांस्टेबल रविंदर, हेड कांस्टेबल नवीन और कांस्टेबल अनुभव की टीम का गठन किया गया। टीम ने स्थानीय खुफिया जानकारी और निगरानी के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
क्यूबा कैफे के पास पकड़ा गया पहला आरोपित
पुलिस टीम ने प्रीत विहार स्थित क्यूबा कैफे के पास छापेमारी कर 19 वर्षीय आफताब को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एमडीएमए के छह पैकेट बरामद हुए। मौके पर जांच में बरामद पदार्थ एमडीएमए पाया गया, जिसका कुल वजन करीब तीन ग्राम था। इस संबंध में प्रीत विहार थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत एफआईआर संख्या 190/2026 दर्ज की गई। पूछताछ के दौरान आफताब ने खुलासा किया कि उसने बरामद एमडीएमए नाइजीरियाई नागरिक लकी से खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लकी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी तलाशी में करीब आठ ग्राम एमडीएमए के 10 पैकेट बरामद हुए। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस लकी के ठिकाने तक पहुंची, जहां उसके सहयोगी केन्याई नागरिक अबोंगो केनेडी ओडायो को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान वहां से करीब 61 ग्राम गांजा और 1,37,600 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस का मानना है कि यह रकम नशा तस्करी से अर्जित की गई है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो होंडा एक्टिवा स्कूटर भी बरामद किए हैं। इनमें से एक स्कूटर लकी और दूसरा आफताब के पास से मिला। पुलिस दोनों वाहनों के स्वामित्व और आपराधिक गतिविधियों में इनके इस्तेमाल की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

