अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश, उप्र के दो सप्लायर समेत तीन गिरफ्तार
नई दिल्ली, 25 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वी जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (एएनएस) ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 475 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में शाहजहांपुर (उप्र) के दो सप्लायरों समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने शनिवार को बताया कि, पूर्वी जिले में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो अप्रैल को सूचना मिली कि मोहम्मद आरिफ नामक तस्कर गाजीपुर रोड स्थित पुराने आरआरटीएस साइट के पास स्मैक की खेप पहुंचाने आने वाला है। सूचना के आधार पर एएनएस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 270 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में आरोपित मोहम्मद आरिफ ने खुलासा किया कि वह यह नशीला पदार्थ शाहजहांपुर निवासी अमित और विकास से खरीदता था और दिल्ली-एनसीआर में ऊंचे दाम पर बेचता था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि केवल पेडलर की गिरफ्तारी से नेटवर्क खत्म नहीं होता, इसलिए टीम को पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद तकनीकी निगरानी और लगातार छापेमारी के बाद शाहजहांपुर निवासी दोनों सप्लायर अमित और विकास को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के पास से 205 ग्राम अतिरिक्त स्मैक बरामद हुई।
जांच में पता चला कि मोहम्मद आरिफ खुद भी नशे का आदी है और इसी दौरान उसकी पहचान इन सप्लायरों से हुई थी। शुरुआत में वह छोटी मात्रा में नशा खरीदकर बेचता था, लेकिन बाद में ज्यादा मुनाफे के लालच में थोक सप्लाई लेने लगा। पिछले कई महीनों से वह ब्रह्मपुरी इलाके में किराए पर रहकर यह धंधा चला रहा था। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपित आर्थिक लाभ के लिए संगठित तरीके से नशे का कारोबार कर रहे थे। वे शहरी इलाकों में नशे के आदी लोगों को निशाना बनाकर सप्लाई करते थे। बरामद 475 ग्राम स्मैक व्यावसायिक मात्रा की श्रेणी में आती है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपितों का नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर में किन-किन इलाकों तक फैला हुआ था और इनके संपर्क में अन्य कौन-कौन तस्कर हैं। अधिकारियों का कहना है कि नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को लेकर ऐसे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

