दिल्ली-एनसीआर में गांजा सप्लाई करने वाला तस्कर ओडिशा से गिरफ्तार
नई दिल्ली, 29 मार्च (हि.स.)। पूर्वी जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (एएनएस) ने दिल्ली-एनसीआर में गांजा सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस संबंध में ओडिशा के कंधमाल जिले से मुख्य सप्लायर आकाश कुमार (28) को गिरफ्तार किया है, जिसे कई जिलों में पीछा करने के बाद दबोचा गया।
पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने रविवार को बताया कि इस मामले की शुरुआत 11-12 मार्च की रात हुई, जब टीम ने कल्याणपुरी इलाके में दो तस्करों अकबर (36) और फिरोज खान (41) को स्कूटी पर दो बैग के साथ पकड़ा।दोनों गाजियाबाद के रहने वाले थे। तलाशी में उनके पास से 21 किलो 730 ग्राम गांजा और फिरोज के पास से 46 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में फिरोज खान ने खुलासा किया कि वह गांजा ओडिशा के कंधमाल निवासी आकाश कुमार डिगल से लाता था, जो इसे दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था। इसके बाद पुलिस ने मुख्य सप्लायर तक पहुंचने के लिए तकनीकी निगरानी और लगातार छापेमारी शुरू की।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार की निगरानी में गठित टीम ने ओडिशा के कई जिलों में दबिश दी। आरोपित लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और मोबाइल बंद कर फरार था। 26 मार्च को पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने कंधमाल से भुवनेश्वर तक पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। 28 मार्च को आरोपित को दिल्ली लाया गया। पूछताछ में आकाश ने बताया कि उसके गांव के जंगल और पहाड़ी इलाकों में प्राकृतिक रूप से उगने वाले गांजे को वह इकट्ठा कर तस्करी करता था। 2-3 साल पहले उसकी मुलाकात फिरोज खान से हुई, जिसके बाद उसने बड़े पैमाने पर सप्लाई शुरू कर दी। जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह इस अवैध कारोबार में शामिल हो गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

