मधु विहार में एक करोड़ की चोरी का खुलासा, पांच आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वी जिला पुलिस ने मधु विहार इलाके में हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी का सामान खरीदने वाला सुनार भी शामिल है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-हीरे के गहने, चांदी के सामान और आठ लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने शनिवार को बताया कि यह घटना 1 अप्रैल 2026 को आर्य नगर अपार्टमेंट, मधु विहार में सामने आई थी। पीड़ित परिवार 31 मार्च की शाम घर बंद कर बाहर गया था। अगले दिन लौटने पर दरवाजे के ताले टूटे मिले और घर से करीब एक करोड़ रुपये के गहने व 12 लाख रुपये नकद गायब थे। इस संबंध में मधु विहार थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
150 सीसीटीवी खंगाले, 10 किलोमीटर तक ट्रैक किया रूट
पुलिस उपायुक्त के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ और थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपितों के भागने के करीब 10 किलोमीटर लंबे रास्ते को ट्रैक किया। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। उसके बाद आठ अप्रैल को पुलिस ने छापेमारी कर दो मुख्य आरोपित बबलू उर्फ कलुआ और रामपाल उर्फ रामकुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में इनके साथी विशाल उर्फ विक्की का नाम सामने आया, जिसे 10 अप्रैल को दबोच लिया गया। आगे की जांच में चोरी का सामान खरीदने वाले सुनार रवि सोनी और एक महिला सहयोगी पिंकी को भी गिरफ्तार किया गया।
दिन में रेकी, रात में वारदात
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित दिन में कॉलोनियों की रेकी करते थे और बंद घरों को निशाना बनाते थे। देर रात औजारों की मदद से ताले तोड़कर घर में घुसते और नकदी व कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। चोरी के गहनों को तुरंत सुनार के जरिए बेच दिया जाता था या परिचितों के पास छिपा दिया जाता था, ताकि पुलिस से बचा जा सके। पुलिस के अनुसार, आरोपित महंगे शौक और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए इस तरह की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के पैसों से महंगी बाइक और अन्य सामान खरीदते थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 70 फीसदी सोने-हीरे के गहने और 80 फीसदी चांदी का सामान बरामद कर लिया है। साथ ही 8 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल औजार भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में बबलू पर 35, रामपाल पर 6 और विशाल पर 16 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

