पिस्टल और दो कारतूस के साथ हथियार सप्लायर गिरफ्तार, फरीदाबाद से लेकर आया था हथियार
नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक युवक को एएटीएस की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान कल्याणपुरी निवासी तनुज उर्फ लैंटर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपित हथियार किसी को देने के लिए लेकर पहुंचा था। पूछताछ में उसने बताया कि हथियार और कारतूस उसने हरियाणा के फरीदाबाद से खरीदे थे।
पुलिस के मुताबिक, अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े लोगों पर नजर रखने के लिए एएटीएस की टीम लगातार खुफिया जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान 18 अगस्त को टीम को सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार और कारतूस लेकर इलाके में पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने गाजीपुर के आइएफसी स्थित मुल्ला कॉलोनी के पेपर मार्केट के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध युवक वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में तनुज ने पुलिस को बताया कि वह फरीदाबाद से हथियार और कारतूस लेकर आया था और इन्हें किसी व्यक्ति तक पहुंचाना था। पुलिस अब हथियार के सप्लायर और उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसे हथियारों की डिलीवरी दी जानी थी। मामले में गाजीपुर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान हथियारों के स्रोत, संभावित खरीदार और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि तनुज का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ कल्याणपुरी थाने में वर्ष 2023 में मामला दर्ज हुआ था, जिसमें हत्या के प्रयास समेत भारतीय दंड संहिता की धाराओं में कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा वर्ष 2026 में भी उसके खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज हुआ था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

