home page

पूर्वी दिल्ली में सात अफ्रीकी नागरिक पकड़े

 | 
पूर्वी दिल्ली में सात अफ्रीकी नागरिक पकड़े


नई दिल्ली, 08 अगस्त (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली में वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और सत्यापन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पांडव नगर थाना क्षेत्र में पूर्वी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ और एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड (एएनएस) यूनिट की टीमों ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सात अफ्रीकी नागरिकों को पकड़ा है। इनमें पांच नाइजीरियाई और दो घाना के नागरिक हैं। पुलिस ने सभी की आव्रजन और वीजा संबंधी जानकारी की जांच की। आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी को दिल्ली के विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समक्ष पेश किया। एफआरआरओ ने सातों के खिलाफ प्रतिबंध आदेश जारी किए हैं। साथ ही उन्हें दिल्ली के सेवा सदन, लामपुर, नरेला में रखा गया है। सभी को उनके संबंधित देशों में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने जिले में रहने वाले विदेशी नागरिकों की पहचान और उनके दस्तावेजों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान शुरू किया था। इसी अभियान के तहत स्पेशल स्टाफ और एएनएस की टीमों को विदेशी नागरिकों के संबंध में खुफिया जानकारी जुटाने और उनके आव्रजन दस्तावेजों की जांच करने की जिम्मेदारी दी गई। टीमों ने स्थानीय स्तर पर पूछताछ, मानव स्रोतों से मिली जानकारी और उपलब्ध सरकारी रिकार्ड के आधार पर ऐसे विदेशी नागरिकों की पहचान शुरू की, जिनके भारत में रहने की वैध अवधि की जांच जरूरी थी।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार एसीपी आपरेशन पवन कुमार के मार्गदर्शन में स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक की टीम ने चार अगस्त को पांडव नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम ने चार विदेशी नागरिकों को पकड़ा। इनकी पहचान नाइजीरियाई नागरिक ओसिता एनकेमेन (54), नगोता सिंथिया (38) तथा घाना के नागरिक जेम्स (25) और लिवी ओटुगाना (27) के रूप में हुई। सत्यापन के दौरान पुलिस को नगोता सिंथिया के पुराने आपराधिक मामले में शामिल होने की जानकारी मिली। उसके खिलाफ एनसीबी बेंगलुरु में वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत प्राथमिकी दर्ज है। इस मामले में अदालत में कार्रवाई लंबित है। पुलिस उसके संबंध में आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार कर रही है।

इसी अभियान के तहत इंस्पेक्टर अरुण कुमार की टीम ने पांडव नगर थाना क्षेत्र से तीन नाइजीरियाई नागरिकों को हिरासत में लिया। इनकी पहचान केलिची कार्नेलियस (32), ओकेचुक्वु सोलोमन (36) और चुकवुडी एलिसन (43) के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि केलिची कार्नेलियस और ओकेचुक्वु सोलोमन के नाम संबंधित अधिकारियों की ओर से तैयार की गई ओवरस्टे करने वाले विदेशी नागरिकों की सूची में दर्ज हैं। इसके बाद दोनों टीमों ने सभी सातों विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों और आव्रजन स्थिति का निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन किया।

पुलिस के अनुसार, सभी आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सातों विदेशी नागरिकों को एफआरआरओ दिल्ली के समक्ष पेश किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी