home page

छात्र का आर्चरी किट और मोबाइल चोरी करने वाला ई-रिक्शा चालक गिरफ्तार, 2.50 लाख का सामान बरामद

 | 
छात्र का आर्चरी किट और मोबाइल चोरी करने वाला ई-रिक्शा चालक गिरफ्तार, 2.50 लाख का सामान बरामद


रायपुर, 14 नवंबर (हि. स.)। टिकरापारा थाना क्षेत्र में छात्र का आर्चरी किट और मोबाइल फोन चोरी करने वाले ई-रिक्शा चालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान विल्सन ब्राउन (31), निवासी बोरियाखुर्द, टिकरापारा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के आर्चरी उपकरण, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा सहित करीब 2.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित उपांशु राव साईं एकेडमी इंडोर स्टेडियम में तीरंदाजी का प्रशिक्षण लेता है। 6 नवंबर को वह आर्चरी उपकरणों से भरा ट्रॉली बैग लेकर ई-रिक्शा से भाठागांव बस स्टैंड जा रहा था। रास्ते में मोबाइल चार्जिंग पर लगाने के दौरान चालक ने उसे भाठागांव चौक पर उतार दिया। किराये के 500 रुपये का छुट्टा लाने का बहाना बनाकर चालक ई-रिक्शा में रखा आर्चरी किट और मोबाइल लेकर फरार हो गया।

शिकायत पर टिकरापारा पुलिस ने अपराध दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के साथ जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपित की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी का पूरा सामान और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा क्रमांक सीजी 04 एनजेड 3733 जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और मारपीट के मामले भी दर्ज हैं तथा वह पहले जेल जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर