home page

मुरैना: ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा चालक व सवारी की मौत

 | 
मुरैना: ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा चालक व सवारी की मौत


मुरैना, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग 44 के बानमौर चौराहे पर गुरूवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे अनियंत्रित ई-रिक्शा आगे के ट्रक से जा भिड़ा। मौके पर ही ई-रिक्शा चालक तथा उसमें बैठी सवारी की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक के विरुद्ध दुर्घटना हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

गुरूवार सुबह जिले के बानमोर थाना क्षेत्रान्तर्गत गंगाराम पुरा निवासी भूरा श्रीवास अपना ई-रिक्शा लेकर गंगाराम पुरा जा रहा था ई-रिक्शा में उसके रिश्तेदार गिर्राज श्रीवास भी बैठा हुआ था। जैसे ही ई-रिक्शा राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर स्थित बानमौर नगर के मुख्य चौराहे पर पहुंचा, उसी समय पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी ई-रिक्शा तेज गति से आगे के ट्रक से जा टकराया। इसी दौरान टक्कर मारने वाले ट्रक ने ई-रिक्शा को कुचल दिया। जिससे चालक भूरा व सवारी गिर्राज की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना होते ही बानमौर चौराहे पर बवाल मच गया। दुर्घटनाकारित करने वाला चालक अपने ट्रक को बीच रास्ते पर छोडक़र फरार हो गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बानमौर थाना पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिये नूराबाद चिकित्सालय भेजे गये। वहीं पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखवाया है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही भूरा व गिर्राज के परिजन मौके पर आ गये। दुर्घटना के कारण कुछ देर के लिये मुरैना से ग्वालियर जाने वाले मार्ग पर आवागमन अवरूद्ध हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा